कैगा परमाणु संयंत्र में कोई लीकेज नहीं हुआ : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री के विशेष विमान से, 30 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक स्थित कैगा परमाणु संयंत्र में विकिरण फैलने को लेकर व्याप्त चिंताओं के बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संयंत्र में किसी तरह के विकिरण से साफ इंकार किया है और कहा है कि इसमें चिंतित होने जैसी कोई बात नहीं है।
मनमोहन सिंह ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो से स्वदेश लौटते समय रविवार की रात रास्ते में संवाददाताओं को बताया, "मुझे इस बारे में पूरी जानकारी प्राप्त हुई है, यह प्रदूषण का एक छोटा-सा मामला है और विकिरण लीकेज से इसका कोई संबंध नहीं है।"
मनमोहन सिंह ने कहा, "इसमें चिंता जैसी कोई बात नहीं है। हमारी सभी प्रणालियां दुरुस्त हैं और नियंत्रण में हैं। इस मामले में जांच का आदेश दिया जा चुका है।"
कैगा परमाणु विद्युत संयंत्र में हुए विकिरण प्रदूषण की प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह संभवत: किसी की शरारत का परिणाम है, यह लीकेज या सुरक्षा खामी से जुड़ा मामला नहीं है।
प्रारंभिक जांच में अति सुरक्षा वाले परिसर के भीतर पेय जल में रेडियोएक्टिव प्रदूषण के पीछे आंतरिक साजिश का संकेत मिलने के बाद जांच कर्ताओं ने सोमवार को कैगा संयंत्र के कर्मचारियों से पूछताछ की।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने नई दिल्ली में कहा कि सरकार इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से ले रही है, क्योंकि यह सुरक्षा बंदोबस्त में आई किसी खामी का परिणाम है।
ज्ञात हो कि कैगा संयंत्र में 24 नवंबर को लगभग 55 कर्मचारियों ने रेडियोएक्टिव ट्राइटियम (भारी जल) युक्त पानी पी लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से ज्यादातर को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications