पूर्व मुख्यमंत्री कोड़ा गिरफ्तार (लीड-2)
पुलिस महानिरीक्षक (सतर्कता) एम. वी. राव ने आईएएनएस से कहा, "संपत्ति मामले में मधु कोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। संबंधित अदालत से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।"
कोड़ा को सुबह लगभग 11 बजे चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अखिलेश झा ने गिरफ्तार किया। उन्हें रांची लाया जा रहा है।
राव ने कहा कि करोड़ों रुपये के गैर कानूनी लेनदेन के मामले की जांच के लिए कोड़ा को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले सतर्कता विभाग ने कोड़ा को पूछताछ के लिए 27 नवंबर को पेश होने को कहा था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री ने ऐसा नहीं किया।
सूत्रों के अनुसार कोड़ा ने सतर्कता ब्यूरो से कहा था कि वह राज्य विधानसभा के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और 18 दिसंबर को आखिरी चरण के मतदान के बाद ही उसके सामने प्रस्तुत होंगे।
राज्य सतर्कता विभाग ने कोड़ा और उनके तीन सहयोगियों बंधु टिर्की, भानु प्रताप साही और कमलेश सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। प्राथमिकी के अनुसार इन सभी ने पद का दुरुपयोग कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
नई दिल्ली में केंद्रीय कानून मंत्री एम.वीरप्पा मोइली ने इस बात से इंकार किया कि कोड़ा की गिरफ्तारी में देरी हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) पर आरोप लगाया था कि कोड़ा की गिरफ्तारी में देरी हुई है।
मोइली ने कहा कि कोड़ा की गिरफ्तारी का फैसला जांच एजेंसियों ने लिया। उन्होंने कहा, "जांच एजेंसियां फैसला करती हैं कि कब और कैसे किसी को गिरफ्तार किया जाए। मुझे नहीं लगता कि इस मामले में कोई हस्तक्षेप करेगा। सच्चाई सामने आनी चाहिए।"
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2006-2008 में झारखण्ड में कोड़ा सरकार को कांग्रेस ने समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि इस मामले की ईमानदारी से जांच होनी चाहिए।
भाजपा के एक अन्य नेता राजीव प्रताप रुड़ी ने कहा कि कोड़ा की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस असमंजस में थी।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता प्रेमचंद गुप्ता ने कोड़ा की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पार्टी चाहती हैं कि इस मामले में कानून अपनी कार्रवाई करे।
गौरतलब है कि कोड़ा पर वर्ष 2006 से 2008 तक मुख्यमंत्री रहते हुए करोड़ों रुपयों के अवैध लेनदेन का आरोप है। इस संबंध में विगत 31 अक्टूबर से अब तक आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय कोड़ा के आवास सहित देश के आठ शहरों में 69 जगहों पर छापेमारी कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications