पश्चिम बंगाल हिंसा की केंद्रीय जांच की माकपा ने कड़ी आलोचना की
नई दिल्ली, 30 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार की अनदेखी करते हुए राज्य की कानून और व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए वहां जांच दल भेजने के केंद्र सरकार के फैसले की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सोमवार को 'अनुचित और राजनीति से प्रेरित कदम' बताते हुए कड़ी आलोचना की।
एक बयान में माकपा पोलित ब्यूरो ने कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम संविधान द्वारा निर्धारित देश के संघीय ढांचे पर हमला है। तृणमूल कांग्रेस की एक जांच दल भेजने की अकारण और राजनीति से प्रेरित मांग के सामने केंद्र सरकार का झुकना दुर्भाग्यपूर्ण और खेदजनक है।
बयान में कहा गया कि तृणमूल कांग्रेस की मांग संविधान की भावना के खिलाफ और राज्य सरकार के मामलों में हस्तक्षेप है। यह इसी मसले पर दिए गए सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ भी है।
माकपा ने तृणमूल पर नक्सलवादियों के साथ मिलकर राज्य में माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर कानून और व्यवस्था की समस्या पैदा करने और इसका दोष वाम मोर्चा सरकार पर डालने का आरोप लगाया।
माकपा ने सभी लोकतांत्रिक ताकतों से केंद्र सरकार के संविधान की भावना के खिलाफ किए गए इस कार्य का विरोध करने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications