केंद्र ने पश्चिम बंगाल सरकार के साथ सहयोग का आश्वासन दिया
नई दिल्ली, 30 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने कहा है कि उसका पश्चिम बंगाल सरकार के साथ कोई टकराव नहीं है और वह राज्य में अंतर-दलीय संघर्ष से निपटने और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए उसके साथ भरपूर सहयोग को तैयार है।
केंद्रीय गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने राज्य सभा में कहा, "मैं राज्य के मुख्यमंत्री के संपर्क में हूं। उनके साथ मेरा बेहतर समन्वय रहा है। हम राज्य में कानून व्यवस्था में सुधार को लेकर गंभीर हैं। हम चाहते हैं कि राज्य में अंतर-दलीय संघर्ष का माहौल समाप्त हो।"
उन्होंने यह बयान ऐसे वक्त दिया है जब राज्य की कानून-व्यवस्था के अध्ययन के लिए केंद्रीय दल भेजे जाने से वामपंथी दलों में आक्रोश बढ़ गया है। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों, खासकर, वाम दलों ने सदन की कार्यवाही में खलल डाला। सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।
गृहमंत्री ने कहा, "हम महसूस करते हैं कि इस मोच्रे पर केंद्र एवं राज्य सरकार को मिलकर काम करना चाहिए। केंद्र और राज्य के बीच टकराव का सवाल ही नहीं उठता। अध्ययन दल भेजे जाने का फैसला राज्य की कानून व्यवस्था के प्रति केंद्र की गंभीरता और राज्य के साथ इस मसले पर सहयोग की पुष्टि करता है। यह दल राज्य सरकार से सौहार्दपूर्ण बातचीत करेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications