झारखण्ड में मधु कोड़ा गिरफ्तार (लीड-1)
पुलिस महानिरीक्षक (सतर्कता) एम. वी. राव ने बताया कि सांसद कोड़ा को चाईबासा से गिरफ्तार किया गया। उन्हें रांची लाया जा रहा है। चाईबासा यहां से लगभग 200 किलोमीटर दूर है।
उन्होंने कहा कि कोड़ा को रांची में एक सतर्कता अदालत में पेश किया जाएगा। सतर्कता विभाग ने कोड़ा को पूछताछ के लिए 27 नवंबर को पेश होने को कहा था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री ने ऐसा नहीं किया।
सूत्रों के अनुसार कोड़ा ने सतर्कता ब्यूरो से कहा था कि वह राज्य विधानसभा के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और 18 दिसंबर को आखिरी चरण के मतदान के बाद ही उसके सामने प्रस्तुत होंगे।
गौरतलब है कि कोड़ा पर वर्ष 2006 से 2008 तक मुख्यमंत्री रहते हुए करोड़ों रुपयों के अवैध लेनदेन का आरोप है। इस संबंध में विगत 31 अक्टूबर से अब तक आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय कोड़ा के आवास सहित देश के आठ शहरों के 69 जगहों पर छापेमारी कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications