भारत-न्यूजीलैंड व्यापार वार्ता अगले वर्ष होने की संभावना
अमनदीप कौर
क्राइस्टचर्च, 30 नवंबर (आईएएनएस)। भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद के अध्यक्ष वेंसेसलॉस एंथनी ने कहा कि दोनों देशों के बीच एक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए अगले वर्ष वार्ता होने की उम्मीद है।
एंथनी ने क्राइस्टचर्च में व्यापार परिषद के कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर आईएएनएस से कहा कि आर्थिक मंदी से भारत के उबरने के साथ न्यूजीलैंड के कई उच्च प्रौद्योगिकी उद्योगों की नजर भारतीय बाजार पर है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षो में न्यूजीलैंड से भारत को निर्यात में काफी अधिक वृद्धि हुई है। न्यूजीलैंड के भारत को 46.4 करोड़ डॉलर के कुल निर्यात का करीब आधा हिस्सा कोयला निर्यात (24.4 करोड़ डॉलर) का है।
एंथनी ने कहा कि भारतीय कृषि बाजार के काफी अधिक संरक्षित होने के कारण वार्ता के दौरान प्राथमिक कृषि उत्पादों खासकर मूल्य संवर्धित उत्पादों के विषय में चर्चा पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।
अन्य उत्पादों में एंथनी ने वाइन, कोयला और लकड़ी उत्पादों का उल्लेख किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications