बिन बुलाए मेहमानों ने ओबामा से भी की थी मुलाकात
वाशिंगटन, 28 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में व्हाइट हाउस में आयोजित राजकीय भोज में शामिल हुए बिन बुलाए मेहमान तारिक सलाही और मिशेल सलाही ने राष्ट्रपति बराक ओबामा से हाथ भी मिलाया था।
बिन बुलाए मेहमानों ने शायद मनमोहन सिंह से भी हाथ मिलाया। इस नई जानकारी के सामने आने से उस राजकीय भोज में हुई गंभीर सुरक्षा चूक को लेकर एक बार फिर से सवाल उठने लगे हैं।
व्हाइट हाउस ने एक तस्वीर जारी की है, जिसमें मिशेल सलाही को ओबामा से हाथ मिलाते दिखाया गया है। तस्वीर में सलाही लाल रंग की साड़ी में दिखी वहीं मनमोहन सिंह मुस्कुराते नजर आए।
अमेरिकी खुफिया एजेंसी के निदेशक मार्क सुलिवान ने स्वीकार किया कि जो कुछ भी हुआ उससे वह बेहद चिंतित और शर्मिदा हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय भोज में प्रवेश से पहले सलाही दंपति की सुरक्षा संबंधी जांच की गई थी लेकिन फिर भी उन्हें भीतर नहीं आने देना चाहिए था।
सुलिवान ने कहा कि इस घटना की अंदरूनी जांच से पता चला कि जहां शुरुआती जांच होती है वहां स्थापित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया और यह नहीं देखा गया कि ये दोनों आमंत्रितों की सूची में नहीं थे। उन्होंने कहा, "यह गलती हमारी ओर से हुई।"
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोबारा ऐसी घटना नहीं हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि तारिक और मिशेल सलाही को मंगलवार को आयोजित राजकीय भोज के लिए निमंत्रण नहीं मिला था लेकिन उन्होंने बाद भोज की अपनी तस्वीर सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट फेसबुक पर डाली थी।
ओबामा ने राष्ट्रपति पद पर आसीन होने के बाद पहली बार इस राजकीय भोज का आयोजन किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications