भारत ने ग्रीन लेबल के तहत संरक्षणवाद के खिलाफ चेतावनी दी
मनीष चांद
पोर्ट ऑफ स्पेन, 28 नवंबर (आईएएनएस)। कार्बन उत्सर्जन में कटौती के लक्ष्यों को स्वीकार करने के लिए विकसित देशों के बढ़ते दबाव के बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को ग्रीन लेबल के तहत संरक्षणवादी नीतियों को आगे बढ़ाने के खिलाफ चेतावनी दी।
जलवायु परिवर्तन पर कोपेनहेगेन में होने जा रहे संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन से महज 10 दिन पहले प्रधानमंत्री ने एक कड़े संदेश में कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जलवायु परिवर्तन पर वैश्विक चर्चा आर्थिक प्रतिस्पर्धा बनाए रखने या समान अवसरों के तर्को में फंस गई है।"
उन्होंने कहा, "जलवायु परिवर्तन ग्रीन लेबल के तहत संरक्षणवादी नीतियों को आगे बढ़ाने का बहाना बनता जा रहा है। यह जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क सम्मेलन (यूएनएफसीसीसी) के विपरीत और विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) का उल्लंघन है।"
राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों के शिखर सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन पर एक विशेष सत्र में प्रधानमंत्री ने चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि भारत और अन्य विकासशील देश इसका कड़ाई से प्रतिरोध करेंगे।
सिंह ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए एक सामूहिक वैश्विक प्रतिक्रिया और 7-18 दिसम्बर को कोपेनहेगेन में आयोजित सम्मेलन में "महत्वाकांक्षी, ठोस और संतुलित परिमाण" हासिल होने के प्रयासों को भी आगे बढ़ाने को कहा।
उन्होंने कहा कि कोपेनहेगेन सम्मेलन के व्यापक, संतुलित और सबसे ऊपर न्यायसंगत निष्कर्ष पर भारत हमेशा जोर देता रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications