बातचीत बहाली के लिए पहले सिर से बंदूक हटाए पाकिस्तान : भारत (लीड-1)
ज्ञात हो कि शनिवार को सीएनएन-आईबीएन पर प्रसारित हुए एक साक्षात्कार में कुरैशी ने कहा है कि बातचीत शुरू करने के मामले में भारत संकुचित दृष्टिकोण अपना रहा है।
राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कुरैशी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में कहा, "हमें अपने पुराने विचारों को छोड़ने की जरूरत है। हमें अपने सामने आने वाले अवसर का लाभ उठाना होगा। यदि आप वार्ता के लिए शर्ते लगाना चाहते हैं तो यह पाकिस्तान को स्वीकार नहीं होगा। हमें दो पड़ोसियों की तरह बात करनी चाहिए, जिन्हें एक-साथ रहना चाहिए। हमें एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए। चुनौती बहुत बड़ी है और संकुचित मानसिकता दिखा रहे हैं।"
मुंबई हमलों के आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं करने के भारतीय आरोपों के संदर्भ में कुरैशी ने कहा कि मुंबई हमले के आरोपियों के बारे में पाकिस्तान के पास पर्याप्त सबूत हैं लेकिन जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद के खिलाफ उपलब्ध कराए गए सबूत अपर्याप्त हैं।
इधर दिल्ली में थरूर ने कहा कि सईद के खिलाफ जिस सबूत का खुलासा नहीं हो पाया है, उसका खुलासा पाकिस्तान में ही किया जाना है।
थरूर ने कहा, "निश्चित रूप से पाकिस्तान में सईद के खिलाफ सबूत मौजूद हैं, जहां वह अपनी खौफनाक गतिविधियों को अब तक अंजाम देता रहा है। इसलिए जब यह कहा जाता है कि सबूत पर्याप्त नहीं हैं तो मुझे ऐसा लगता है कि पाकिस्तान सरकार यह कह रही है कि उसके पास जांच करने की वह क्षमता नहीं है, जो कि उसके पास होनी चाहिए।"
बातचीत बहाली की मांग पर थरूर ने कहा कि भारत को बातचीत की मेज तक लाने के लिए पाकिस्तान को पहले स्थितियां अनुकूल करनी होंगी।
थरूर ने कहा, "हमें पता है कि हमारे सिर पर बंदूक तनी हुई है, लेकिन इसके बाद भी आप हमसे बातचीत की उम्मीद रखते हैं। पहले आप हमारे सिर से बंदूक हटाइए उसके बाद हम आपके साथ खुशी-खुशी बातचीत करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications