स्मिता ठाकरे को लेकर शिवसेना खामोश (लीड-1)
एक अंग्रेजी समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में स्मिता ने कहा है कि वह कांग्रेस में शामिल होने की योजना बना रही हैं। स्मिता की पार्टी छोड़ने की योजना पर शनिवार को शिवेसना का कोई वरिष्ठ नेता प्रतिक्रिया देने के लिए उपलब्ध नहीं हुआ।
बाल ठाकरे के पोते राहुल ने कहा है कि उनकी मां के कांग्रेस में शामिल होने की योजना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है हालांकि उन्होंने कहा कि उनकी मां को शिवसेना का समर्थन प्राप्त नहीं है।
राहुल ने संवाददाताओं से कहा, "हालांकि उनके समक्ष सभी विकल्प खुले हैं। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला कर लिया है। "
स्मिता ने समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में कहा कि मातोश्री में एक गुट ने उन्हें हाशिए पर डाल दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कथित तौर पर पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का वादा किया था लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने वरिष्ठ पत्रकार भरत कुमार राउत को राज्यसभा भेज दिया।
स्मिता ने साक्षात्कार में ठाकरे परिवार के निवास स्थल 'मातोश्री' के प्रति नाराजगी व्यक्त की। दूसरी ओर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव राहुल गांधी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस में शामिल होने की योजना बना रही हैं।
दूसरी ओर मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने कहा कि स्मिता की ओर से कांग्रेस में शामिल होने का कोई संकेत नहीं मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications