विश्व शांति के लिए बोधिवृक्ष के नीचे विशेष पूजा शुरू
इस विशेष पूजा में कांग्यू पंथ के 17 वें करमापा त्रिनल थाय दोरजे के नेतृत्व में देश और विदेश से आए करीब 5000 बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
पूजा आयोजन समिति के कर्मा शिरिंग ने शनिवार को बताया, "यह पूजा शुक्रवार से प्रारंभ होकर तीन दिसंबर तक चलेगी। इस विशेष पूजा में लोग विश्व शांति और समस्त जीवों के कल्याण के लिए तथा विश्व बंधुत्व की कामना के लिए भगवान बुद्ध की प्रार्थना कर रहे हैं। इस अवसर पर त्रिपटक के उच्चारण से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है। पूजा के दौरान तिब्बत के पारंपरिक वाद्य यंत्रों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर परिसर को पंचशील ध्वजों, तोरमा एवं फूल मालाओं से सजाया गया है।"
शिरिंग के मुताबिक इस पूजा में बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। पूजा के अंतिम दिन बौद्घ भिक्षुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। पूजा में मंजु श्री बोधिसत्व अमिताभा, महामुद्रा, बुद्धा एवं महाकाल प्रार्थनाएं की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि बिहार के गया जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित बोधगया में पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे भगवान बुद्घ को ज्ञान प्राप्त हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications