उमर शेख के झूठे फोन कॉल से जुड़े सवाल पर हंसे प्रणब
हाल ही में आई रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि दिसम्बर 1999 में विमान अपहरण कांड के बाद रिहा किए गए पाकिस्तानी आतंकवादी उमर शेख ने 26/11 के हमले के बाद तत्कालीन विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी के नाम से पाकिस्तान सरकार और सेना के उच्च अधिकारियों को फोन किया था। जब मुखर्जी से इस रिपोर्ट के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा।
झूठे फोन की इस घटना पर हंसते हुए मुखर्जी ने कहा, "हम जब भी किसी मंत्री या अन्य अधिकारी से फोन पर बात करते हैं तो उससे सीधे बात होना संभव नहीं है। कोई अन्य व्यक्ति फोन उठाता है।"
उन्होंने कहा कि यह एक साल पुरानी घटना है।
मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले में 174 लोगों के मारे जाने के बाद मुखर्जी के नाम से राष्ट्रपति जरदारी को किए गए धमकी भरे फोन के बाद भारत और पाकिस्तान संबंधों में तनाव की स्थिति बन गई थी।
सरकार ने इस बात से इंकार किया था कि भारत से मुखर्जी या किसी अन्य ने यह फोन किया है।
एक पाकिस्तानी दैनिक ने हाल ही में खुलासा किया है कि पाकिस्तान की हैदराबाद जेल से उमर शेख ने जेल में गैरकानूनी रूप से हासिल किए गए मोबाइल फोन में ब्रिटेन की एक सिम कार्ड का उपयोग करके यह फोन किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications