कलाम ने भारतीय-फ्रांसीसी फिल्म में अभिनय की बात नकारी
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम ने इस बात से इंकार किया है कि वह एक भारतीय-फ्रांसीसी फिल्म 'आई एम कलाम' में दिखेंगे लेकिन अभिनेता गुलशन ग्रोवर का कहना है कि कलाम ने ही फिल्म के लिए एक दृश्य दिया है।
कलाम के कार्यालय ने एक वक्तव्य में कहा है, "कलाम की किसी फिल्म में अभिनय करने या उससे किसी तरह से जुड़ने की कोई योजना नहीं है। यह खबर केवल अटकलें हैं और किसी व्यक्ति ने व्यापार के उद्देश्य से यह कल्पना की है।"
फिल्म में अभिनय कर रहे बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर ने पूर्व में आईएएनएस से कहा था कि कलाम 'आई एम कलाम' फिल्म में एक छोटी भूमिका में दिखेंगे। गुलशन के मुताबिक यह फिल्म पूर्व राष्ट्रपति से प्रेरित है।
कलाम के इस बात से इंकार करने के बाद शनिवार को गुलशन से यह पूछने पर उन्होंने आईएएनएस से कहा, "कलाम की शुभकामनाओं से फिल्म का निर्माण हुआ है और फिल्म की कहानी उनसे प्रेरित है। उन्होंने फिल्म के लिए एक दृश्य दिया है। उन्होंने एक अभिनेता की तरह काम नहीं किया है.."
उन्होंने कहा, "मैं जो कह रहा हूं उस पर स्थिर हूं। हम उनका अपमान नहीं करना चाहते हैं। वह एक ईमानदार व्यक्ति हैं। हम फिल्म के लिए उनके आभारी हैं और उनके बिना यह फिल्म कुछ नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications