पिछले सप्ताह की तुलना में सेंसेक्स में 2.29 प्रतिशत की गिरावट (साप्ताहिक समीक्षा)
मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पहले मुनाफा वसूली और उसके बाद दुबई वर्ल्ड के कर्ज डूबने की आशंका से इस सप्ताह भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट हुई। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई)के 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'सेंसेक्स' में कारोबार के आखिरी दो दिनों में तेज गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार को साप्ताहिक कारोबार के आखिरी दिन सेंसेक्स पिछले सप्ताह की तुलना में 389.84 अंकों (2.29 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 16,632.01 पर बंद हुआ। पिछले शुक्रवार को सेंसेक्स 17,021.85 पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'निफ्टी' 110.7 अंकों (2.19 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 4,941.75 पर बंद हुआ।
बीएसई का मिडकैप सूचकांक 2.36 प्रतिशत और स्मालकैप सूचकांक 2.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा दिवालिया डच पेट्रो-रसायन कंपनी लियॉन्देलबेसेल के अधिग्रहण की खबरों के बीच सोमवार को सेंसेक्स 158.33 अंकों या 0.93 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,180.18 पर बंद हुआ।
निफ्टी भी 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,052.45 पर बंद हुआ।
मंगलवार को मुनाफा वसूली के कारण सेंसेक्स 0.29 प्रतिशत या 49.1 अंकों की गिरावट के साथ 17,131.08 पर बंद हुआ। निफ्टी 0.25 प्रतिशत या 13 अंकों की गिरावट के साथ 5,090.55 पर बंद हुआ।
बुधवार को सेंसेक्स 67.87 अंकों या 0.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,198.95 पर बंद हुआ। निफ्टी 0.35 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,108.15 पर बंद हुआ।
गुरुवार को सेंसेक्स 2.21 प्रतिशत गिरकर 16,810.57 पर बंद हुआ। निफ्टी 2.08 गिरकर 5,108.15 पर बंद हुआ।
गुरुवार देर रात दुबई की सरकारी होल्डिंग कंपनी दुबई वर्ल्ड ने कहा कि उसने कर्जदारों से ऋण चुकाने के लिए छह महीने का समय मांगा है। इस खबर से पूरी दुनिया में खलबली मच गई।
शुक्रवार को सेंसेक्स भी 222.92 अंकों या 1.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,632.01 पर बंद हुआ। निफ्टी 63.8 अंकों या 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,941.75 पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications