वीरता पदक की नीलामी पर हिमाचल सरकार को न्यायालय का नोटिस
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर.बी मिश्रा और न्यायमूर्ति राजीव शर्मा की खंडपीठ ने मीडिया में छपी इस खबर का संज्ञान लिया है कि 1946 में ब्रिटिश सरकार द्वारा एक सैनिक को मरणोपरांत दिए गए जार्ज क्रॉस पदक की दो दिसंबर को नीलामी की जाएगी।
पदक की नीलामी ब्रिटिश नीलामी कंपनी डिक्स नूनन वेब द्वारा की जाएगी। यह पदक नायक किरपा राम को दिया गया था। बाद में इस सैनिक की विधवा के घर से इस पदक की चोरी हो गई थी।
नीलामी कंपनी का दावा है कि सैनिक की विधवा ने यह पदक बेच दिया था और पदक की चोरी का दावा गलत है। दूसरी ओर सैनिक की बुजुर्ग विधवा का दावा है कि उसने कभी यह पदक नहीं बेचा। उन्होंने फोन पर आईएएनएस से बातचीत में कहा, "घोर गरीबी में भी मैंने इसे संभालकर रखा था। यह मेरे पति की निशानी थी।"
इस बीच राज्य पुलिस ने ब्रिटिश पुलिस से संपर्क कर नीलामी रोकने का आग्रह किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आई.डी. भंडारी ने कहा, "हमने ब्रिटिश पुलिस अधिकारियों से बातचीत की है और उनका दावा है कि कंपनी के पास सैनिक की विधवा द्वारा पदक बेचे जाने के दस्तावेजी सबूत हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications