चीन-पाक साँठगाँठ चिंताजनक:एंटनी

भारतीय रक्षा मंत्री ने कहा है कि चीन और पाकिस्तान के बीच सैनिक गठजोड़ भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय है.
शुक्रवार को इंस्टीट्यूट ऑफ़ डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, "हमें चीन की सैनिक क्षमताओं पर सतत निगाह रखनी होगी और उसके अनुकूल हमे तैयारी करनी होगी."
भारतीय रक्षा मंत्री ने कहा, "चीन और पाकिस्तानी सेना के बीच साँठगाँठ गंभीर चिंता का विषय है. हमें हमेशा सतर्क रहने की ज़रूरत है."
इसके बावजूद उन्होंने उम्मीद जताई कि परस्पर समृद्धि और सहयोग बढ़ाने के भारत की पहल का चीन सकारात्मक जवाब देगा.
एंटनी ने कहा, "भारत चीन समेत अपने पड़ोसियों के साथ दोस्ताना संबंध चाहता है. हम अपनी कोशिशें जारी रखेंगे. लेकिन साथ ही कुछ ऐसे मुद्दे हैं जो हमें चिंतित करते हैं."
क्षमता विस्तार
उन्होंने कहा कि भारत अपने पड़ोसियों के साथ पुराने मुद्दों को हल करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहा है. एंटनी का कहना था, "हमने हमेशा अपने सभी पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण संबंधों के लिए क़दम बढ़ाए हैं. विकासशील अर्थव्यवस्था के नाते हम अपने क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते."
रक्षा मंत्री ने कहा कि नई चुनौतियों से निपटने के लिए भारत अपनी सैन्य क्षमताओं का विस्तार कर रहा है और सरकार ने इस दिशा में क़दम उठाए हैं, हालांकि भारत पूरी दुनिया में शांति चाहता है.
उन्होंने इस मौके पर पाकिस्तान को भी निशाने पर लिया और कहा कि वह अपनी सरज़मीं पर मौजूद आतंकवादी समूहों के ख़िलाफ़ ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है.
एंटनी ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद का ढाँचा जस का तस है बल्कि इसे बढ़ावा मिल रहा है.


Click it and Unblock the Notifications