लालगढ़ में बारूदी सुरंग विस्फोट, 2 जवान शहीद (लीड-1)
नक्सलियों ने पुलिस के गश्ती दल पर गोलीबारी भी जिसके बाद करीब एक घंटे तक पुलिस और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हुई। इसके बाद नक्सली जंगलों में फरार हो गए।
राज्य के पश्चिम क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने आईएएनएस से कहा कि पीराकाटा के पास बरीसोल के नजदीक हुए विस्फोट में दो जवान शहीद हो गए।
पश्चिम मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि विस्फोट में दो जवान आलोक मंडल और श्रीमंत बनर्जी शहीद हो गए और आईआरबी के तीन जवान घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पश्चिमी मिदनापुर जिले में पीराकाटा पुलिस चौकी के पास बरीसोल में दोपहर तीन बजे के आसपास विस्फोट को उस समय अंजाम दिया गया जब सुरक्षाकर्मी वहां गश्त लगा रहे थे।
अधिकारी ने कहा, "चूंकि पुलिसकर्मियों का दल जंगल के निकट था इसलिए नक्सलियों ने विस्फोट को अंजाम दिया। वहां एक से अधिक विस्फोट हो सकते हैं, यद्यपि अभी इसकी पुष्टि होना बाकी है।"
लालगढ़ से नक्सलियों को खदेड़ने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और राज्य सशस्त्र बलों के जवानों के साथ शुरू किए गए व्यापक सुरक्षा अभियान के तहत इस पुलिस चौकी को स्थापित किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications