बाबरी ढांचा किसी सूरत में नहीं बचता : कल्याण
इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या का जिक्रकरते हुए कल्याण ने कहा कि ढांचे की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन कई बार सुरक्षा के तमाम इंतजाम भी धरे के धरे रह जाते हैं।
समाचार चैनल स्टार न्यूज के साथ बातचीत में कल्याण सिंह ने कहा कि लिब्रहान रिपोर्ट झूठ का पुलिंदा है, क्योंकि इसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नाम घसीटा गया है और 1990 में ही दिवंगत हो चुके देवराहा बाबा का नाम लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट राजनीति से प्रेरित है और कूड़ेदान में फेंक देने के लायक है।
कल्याण ने कहा कि अगर अदालत उन्हें बाबरी ढांचा गिराने के लिए सजा देती है तो वह सजा भुगतने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश न देना अगर गुनाह था, तो वह गुनाहगार हैं। उन्होंने कहा कि संसद को कानून बनाकर मंदिर बनाने का रास्ता साफ करना चाहिए।
कल्याण सिंह ने कहा कि उन्हें ढांचा गिरने का कोई अफसोस नहीं है और वह उनके लिए राष्ट्रीय गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि कारसेवकों ने गुलामी का ढांचा गिराया था जिससे राम मंदिर का रास्ता खुल गया। उन्होंने कहा कि रामलला की मूर्ति अब वहां से कोई नहीं हटा सकता और वहां अब मंदिर ही बनेगा। कल्याण ने मुसलमानों से मंदिर बनाने में सहयोग की अपील की।
कल्याण ने कहा कि मुलायम सिंह पर भरोसा करना उनकी गलती थी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 13-14 सीटें ही मिल रही थीं, लेकिन उनके कारण उसे 23 सीटें मिलीं। उन्होंने कहा कि आगे वह क्या करेंगे इसका फैसला समर्थकों से रायशुमारी के बाद करेंगे। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को दिल्ली और 4 दिसंबर को लखनऊ में उन्होंने अपने समर्थकों की बैठक बुलाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications