भोपाल में लेखक को कालिख पोती और पिटाई की
ऋषि अजय दास ने 'विवाह एक नैतिक बलात्कार' शीर्षक से एक पुस्तक लिखी है। इस पुस्तक का शुक्रवार को विमोचन होना तय था। विमोचन के लिए अपनी छात्रा से प्रेम प्रसंग के कारण चर्चाओं मे आए पटना के प्रो. मटुक नाथ और उनकी छात्रा मित्र जूली को बुलाया गया था।
इस पुस्तक विमोचन के कार्यक्रम की जानकारी मिलने पर संस्कृति मंच के कार्यकर्ता आयोजन स्थल रवींद्र भवन पहुंच गए। पहले उन्होंने मटुक नाथ और जूली का विरोध किया फिर लेखक अजय दास को निशाना बनाया। इस मौके पर भारी पुलिस बल भी मौजूद था। इसके बावजूद मंच के कार्यकर्ताओं ने अजय दास की पिटाई की और उनके पूरे शरीर पर कालिख पोत दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अजय दास को स्टोर रूम में बंद कर दिया। जब पुलिस उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जा रही थी तब भी मंच के कार्यकर्ताओं ने बदसलूकी की। अजय दास को पुलिस एक वाहन में डालकर ले गई।
मंच के संयोजक चंद्रशेखर तिवारी ने कहा है कि अजय दास द्वारा लिखी गई किताब भारतीय संस्कृति पर हमला है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार का कहना है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications