प्रधानमंत्री के रूस दौरे पर गोर्शकोव सौदा नहीं : एंटनी
रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी से जब पूछा गया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान इस पोत के लिए संशोधित सौदे पर हस्ताक्षर हो सकते हैं तो उन्होंने आईएएनएस से कहा, "नहीं, ऐसा नहीं है। "
एंटनी ने यह बात शुक्रवार को रक्षा अध्ययन और विश्लेषण संस्थान द्वारा आयोजित एक सेमिनार के अवसर पर कही।
इस बीच नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पोत का नवीकरण करने के लिए अंतिम कीमत तय करने की दिशा में सकारात्मक विकास हुआ है। विमानवाहक पोत एडमिरल गोर्शकोव भारतीय नौसेना में आईएनएस विक्रमादित्य के नाम से शामिल किया जाएगा।
अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा कि इस दिशा में सकारात्मक विकास हुआ है और रूसी अधिकारियों ने कीमतों को तर्कसंगत करने और कीमत और न बढ़ाने पर सहमति जताई है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले पोत की कीमतों में की गई वृद्धि पर चर्चा करने के लिए रूसी अधिकारियों का 40 सदस्यीय दल नई दिल्ली आया था।
रूस इस पोत की कीमत 2.9 अरब डॉलर मांग रहा है जबकि भारत इसके लिए 2.1 अरब डॉलर देने को तैयार है। इससे पहले इसकी कीमत 1.5 अरब डॉलर तय हुई थी जिस पर दोनों पक्षों की सहमति थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications