फर्जी विश्वविद्यालय चलाने के आरोप में 10 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मथुरा जिले के वृंदावन में गुरुकुल विश्वविद्यालय नाम से चलाये जा रहे इस फर्जी विश्वविद्यालय में छात्रों के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रम चलाये जा रहे थे। प्रवेश के दौरान छात्रों से यह कहकर मोटी रकम ली गई थी कि विभिन्न राज्यों के अध्ययन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिले के रिफाइनरी थाना-प्रभारी मनीष कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, " इस फर्जी विश्वविद्यालय में छात्रों को कितनी संख्या है अभी यह पता नहीं चल पाया है। गिरफ्तार लोगों ने यह स्वीकार किया है कि इस विश्वविद्यालय में पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा और बिहार के छात्र विभिन्न पाठ्यक्रमों में पंजीकृत थे।"
सक्सेना ने बताया कि हमें पता चला कि एक फर्जी विश्वविद्यालय एक बंगले से संचालित हो रहा है। विशेष कार्रवाई बल (एसओजी) द्वारा गुरूवार शाम छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान भारी संख्या में प्रवेश फार्म, अंकपत्र और प्रमाणपत्र जब्त किये गये। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications