भारतीय पर्यटक फ्रांस में अधिक खर्च करते हैं
नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस की सरकार भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए इन दिनों प्रयास कर रही है क्योंकि अन्य देशों के पर्यटकों की तुलना में भारतीय पर्यटक वहां अधिक पैसे खर्च करते हैं।
भारतीय पर्यटक पेरिस में औसतन प्रतिदिन 275 डॉलर खर्च करते हैं, जबकि अन्य देशों के पर्यटकों औसतन 220 डॉलर खर्च करते हैं। 'पेरिस इल-द-फ्रांस रीजनल टूरिस्ट बोर्ड' के निदेशक निकोलस बेरेट ने कहा, "पिछले वर्ष लगभग 200,000 भारतीयों ने फ्रांस का दौरा किया और वहां सभी औसतन पांच दिन ठहरे।"
नई दिल्ली में पांच दिनों तक चलने वाले रोड शो 'फ्रेंच कनेक्शन' में हिस्सा लेने आए बेरेट ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और भारतीयों का ध्यान विदेशों की यात्रा में बढ़ा है।
फ्रांस के पर्यटन विभाग द्वारा प्राप्त आंकड़ों के अनुसार फ्रांस पहुंचने वाले भारतीय पर्यटक औसतन 34 वर्ष के होते हैं। फ्रांस में पिछले वर्ष विभिन्न देशों से 7.93 करोड़ पर्यटक पहुंचे थे।
फ्रांस में पर्यटन को बढ़ावा देने वाली एजेंसी 'एटूट फ्रांस' की निदेशक कैथरिन ओडेन ने आईएएनएस से कहा कि गत वर्ष आर्थिक मंदी और स्वाइन फ्लू के कारण पर्यटकों में संख्या में गिरावट दर्ज की गई थी।
ओडेन ने कहा कि उन्हें आशा है कि आगामी वर्षो में फ्रांस में अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे।
उल्लेखनीय है कि फ्रांस सबसे अधिक अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करता है। पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों से फ्रांस 55.6 अरब डॉलर की कमाई करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications