शानदार था व्हाइट हाउस का रात्रिभोज : मनमोहन सिंह
पोर्ट ऑफ स्पेन, 27 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि अमेरिका में मंगलवार को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा आयोजित रात्रिभोज शानदार था। उन्होंने कहा कि यह उनका अभी तक का सबसे अच्छा रात्रिभोज था।
सिंह ने वाशिंगटन से विदा होने के बाद संवाददाताओं से कहा, "यह एक अनूठा अनुभव था। रात्रिभोज लाजवाब था और वहां का माहौल और सजावट भी शानदार थे। "
ओबामा ने सिंह के सम्मान में व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में रात्रिभोज का आयोजन किया था जिसमें ओबामा प्रशासन के वरिष्ठ सहयोगी, सीनेटर, हॉलीवुड की मशहूर हस्तियां और प्रमुख भारतीय अमेरिकी नागरिक शामिल हुए थे।
सिंह ने रात्रिभोज की तारीफ में कहा, "राष्ट्रपति ओबामा और उनकी पत्नी ने सर्वोत्तम रात्रिभोज का आयोजन किया था। इसमें शामिल लोग भी महत्वपूर्ण थे।"
सिंह ने कहा, "यह मेरे लिए एक अच्छा अनुभव रहा। मैंने इसका आनंद उठाया। अभी तक का यह मेरा सबसे अच्छा रात्रि भोज था। इसमें समाज के कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित हुए, जिनसे मिलकर मुझे खुशी हुई।"
सिंह ने कहा, "रात्रिभोज शानदार था और इसमें शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। रात्रिभोज में भारतीय मूल के कई लोग थे, जिनपर हमें गर्व है। यह रात्रिभोज राष्ट्रपति ओबामा के व्यक्तित्व को प्रतिबिंबित करता है। "
रात्रिभोज में पेप्सीको की मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूई, मैकिन्जी के रजत गुप्ता, एशिया सोसाइटी की अध्यक्ष विशाखा देसाई, उद्योगपति संत चटवाल और ओबामा के सामाजिक अन्वेषण कार्यालय की अगुआई करने वाली अर्थशास्त्री सोनल शाह ने हिस्सा लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications