बांग्लादेशी प्रधानमंत्री के कार्यालय में सौर ऊर्जा इकाई
ढाका, 26 नवंबर (आईएएनएस)। ऊर्जा की कमी से जूझ रहे बांग्लादेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री शेख हसीना वाजिद ने अपने कार्यालय में सौर ऊर्जा प्रणाली की शुरुआत की है।
देश की अकेली सबसे बड़ी सौर ऊर्जा प्रणाली को अभी प्रायोगिक तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय में लगाया गया है। प्रणाली की निगरानी कर रहे 'पॉवर डेवलपमेंट बोर्ड' (पीडीबी) ने बुधवार को बताया कि यह 21.6 किलोवाट की क्षमता से ऊर्जा उत्पादन कर सकती है।
स्थानीय निजी कंपनी 'रहीमाफ्रूज रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड' ने इस प्रणाली को विकसित किया है। अब प्रणाली के औपचारिक उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा है।
यह कंपनी मुख्य रूप से बैटरियां बनाती है। भारत और कई अन्य देशों में इनका निर्यात होता है।
सूर्य, वायु, बायोमास और बायोगैस की नवीनीकृत ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक व अर्धशासकीय कार्यालयों में सौर ऊर्जा इकाईयों को स्थापित करने के सरकार के फैसले के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में इसे स्थापित किया गया। वर्ष 2015 तक देश की कुल ऊर्जा का पांच प्रतिशत हिस्सा और 2020 तक 10 प्रतिशत हिस्सा नवीनीकृत ऊर्जा से प्राप्त करने के मकसद से यह शुरुआत की गई है।
वर्तमान में देश की कुल ऊर्जा का एक प्रतिशत से भी कम हिस्सा नवीनीकृत ऊर्जा स्रोतों से प्राप्त किया जाता है।
इस साल अक्टूबर के आखिर तक देश के विभिन्न भागों में 400,000 सौर ऊर्जा इकाईयां लगाई गई हैं, जो 20 मेगावाट से अधिक ऊर्जा का उत्पादन करती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications