मुंबई ने दी 26/11 के पीड़ितों को श्रद्धांजलि (लीड-1)
हजारों लोगों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनल (सीएसटी) पर मुंबई हमलों में मारे लोगों को श्रद्धांजलि दी। यहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने भी श्रद्धांजलि दी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने होटल ट्राइडेंट-ओबरॉय पहुंचकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। लियोपोल्ड कैफे के बाहर भी कई लोग इकट्ठा हुए, जहां पिछले साल आज के ही दिन आतंकवादियों ने हमला किया था।
गुरुवार सुबह फोर्स वन और राज्य सुरक्षा बल के अन्य जवानों की परेड भी हुई। गुरुवार शाम को गृहमंत्री पी.चिदंबरम मुंबई पुलिस के शहीदों के सम्मान में एक स्मारक का उद्धघाटन करेंगे। इसके अलावा वह एक शोक सभा में भी हिस्सा लेंगे।
आतंकवादी हमलों की पहली बरसी के मद्देनजर मुंबई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के सभी प्रमुख स्थलों पर वाहनों की जांच की जा रही है।
चौपाटी, हाजी अली, प्रभादेवी, वर्ली, बांद्रा, जोगोश्वरी और मुंबई हवाई अड्डे जैसे स्थलों पर विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आतंकवादी हमलों में मारे गए लोगों की याद में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कुछ निजी और सरकारी कार्यालयों में मृतकों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल 26 नवंबर को 10 आतंकवादियों ने मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में हमला बोल दिया था, जिसमें 166 लोग मारे गए थे। सुरक्षा बलों की 60 घंटे की कार्रवाई में नौ आतंकवादी मारे गए थे। सुरक्षा बलों ने मोहम्मद अजमल आमिर कसाब नाम के एक आतंकवादी को जिंदा पकड़ा, जो अभी जेल में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications