26/11 के पीड़ितों को दिल्ली ने दी श्रद्धांजलि
हमले में मारे गए लोगों की याद में दिल्ली में कई जगह मोमबत्तियां जलाई जाएंगी। यहां के स्कोप काम्पलेक्स में गुरुवार शाम को 10 देशों के युवा इकट्ठा होंगे और पीड़ितों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे साथ ही आतंकवादियों से लड़ने वाले जवानों के साहस को सलाम करेंगे।
इस कार्यक्रम में रूस, किर्गिजिस्तान, मलेशिया, मिस्र, न्यूजीलैंड और कई अन्य देशों के युवा हिस्सा लेंगे और मोमबत्ती जलाकर मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। ये सभी युवा संयुक्त राष्ट्र महासभा के इंडियन मॉडल यूनाइटेड नेशंस कांफ्रेंस (आईएनएमयूएन) का हिस्सा हैं।
इसके अलावा एक गैरसरकारी संगठन यूनाइटेड मुस्लिम मोर्चा भी कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। संगठन के अध्यक्ष एजाज अली ने कहा, "हम आतंकवादियों के खिलाफ लड़ने वाले बहादुर अधिकारियों हेमंत करकरे, अशोक काम्टे और अन्य को सलाम करेंगे।"
योग गुरु स्वामी रामदेव ने भी इस अवसर पर एक सम्मेलन का आयोजन किया। उन्होंने कहा, "26/11 हमें याद दिलाता है कि यह आतंकवादी हमला न केवल मुंबई बल्कि पूरे देश पर हुआ था। हमले का भय अभी भी बना हुआ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications