खुफिया सेवा ने ओबामा के रात्रिभोज में अनधिकृत दंपत्ति के घुसने की पुष्टि की (लीड-1)
वाशिंगटन, 26 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्वागत में व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा दिए गए रात्रिभोज में एक दंपत्ति ने अनधिकृत रूप से प्रवेश किया था।
मिशेल और तारेक सलाही ने रात्रिभोज में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जो बिडेन, व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ रैम इमैनुएल, अमेरिका में भारतीय उप राजदूत अरुण सिंह, आस्कर विजेता संगीतकार ए.आर.रहमान और पेप्सी कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूई के साथ मुस्कुराते हुए फोटो भी खिंचवाई।
सबसे पहले इस खबर को प्रकाशित करने वाले अखबार 'वाशिंगटन पोस्ट' ने दंपत्ति की पहचान उजागर की थी। अखबार के अनुसार यह दंपत्ति वर्जीनिया का रहने वाला है।
सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एडविन एम.डोनोवन ने कहा कि जांचकर्ताओं ने इस बात का पता लगाने के उपयुक्त तरीके का पालन नहीं किया कि दंपत्ति का नाम अतिथियों की सूची में है या नहीं। परंतु उन्होंने जोर दिया कि ओबामा या मनमोहन की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं था क्योंकि सलाही दंपत्ति की अन्य मेहमानों के तरह ही सुरक्षा जांच की गई थी।
डोनोवन ने कहा कि सीक्रेट सर्विस का कार्यालय इस पूरी घटना की समीक्षा करेगा।
रात्रिभोज की वीडियो तस्वीरों से साफ दिखा कि सलाही दंपत्ति प्रेस फोटोग्राफरोंकेसामने से गुजरा। बुधवार को सलाही ने जो बिडेन और रैम इमैनुएल के साथ की अपनी तस्वीरें भी फेसबुक पर डाल दीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications