स्कूल बस में आग, छात्र बाल-बाल बचे (लीड-1)
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीएनजी गैस का रिसाव होने की वजह से बस में आग लगी।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की सीएनजी से चलने वाली इस बस में आग सुबह आठ बजे मयूर विहार में लगी। आग के मुख्य कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, परंतु एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक सीएनजी का रिसाव ही घटना का मुख्य कारण हो सकता है।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक घटना में किसी विद्यार्थी को तो कोई नुकसान नहीं पहुंचा परन्तु ड्राइवर और कंडक्टर झुलस गए जिन्हें धर्मशिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में भर्ती बस कंडक्टर दिनेश चंद्रा ने बताया कि वह विद्यार्थियों को सतर्क करने में तो कामयाब हो गए पर न तो ड्राइवर को और न ही खुद को बचा पाए।
चन्द्रा ने बताया कि जैसे ही उन्हें गैस का रिसाव महसूस हुआ, उन्होंने उसकी जांच करते ही छात्रों को वहां से भागने को कहा पर उनकी मदद करने में ड्राइवर और कंडक्टर आग में झुलस गए।
उन्होंने कहा कि मैं तो बात करने की स्थिति में हूं, पर ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया है।
इस बस में एवरग्रीन स्कूल के बच्चे सवार थे। स्कूल की प्रिन्सिपल प्रियंका गुलाटी ने कहा कि छात्र सकते में हैं पर सुरक्षित है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार बस में कुल 35 बच्चे सवार थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications