कला प्रेमियों को लुभाएगा फ्रांसीसी महोत्सव
बेंगलुरू, 25 नवंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरू में 'बोन्जोर इंडिया' नाम से आयोजित होने जा रहे फ्रांसीसी महोत्सव में वहां कला, सिनेमा, संगीत और संस्कृति को जानने और समझने का मौका मिलेगा।
नई दिल्ली स्थित फ्रांसीसी दूतावास और कल्चर्सफ्रांस ने भारत सरकार के सहयोग से आगामी पांच दिसम्बर से इस महोत्सव का आयोजन किया है। फरवरी में समापन से पहले इसे भारत के 17 अन्य शहरों में भी आयोजित किया जाएगा।
'एलियांस फ्रांकेस डी बैंगलोर' की सांस्कृतिक संयोजक उमा ने आईएएनएस से कहा, "फ्रांसीसी संस्कृति, कला, विज्ञान को परिभाषित करने वाले विभिन्न कारकों को दर्शाने के लिए उत्सव में कई प्रदर्शनियों, संगीत समारोहों, साहित्यक बैठकों, फिल्म समारोहों और वाद-विवाद का आयोजन होगा।"
फ्रांसीसी राजदूत जेरोम बोनाफोंट ने पिछले सप्ताह यहां कहा था, "यह महोत्सव फ्रांस में हो रहे सांस्कृतिक बदलावों का आईना होगा। इसके जरिए भारत और फ्रांस के बीच नजदीकी बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।"
इसका मकसद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय, राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक सहयोगों को मजबूती देना है। इसमें 250 कलाकार, डिजाइनर, अनुसंधानकर्ता और उद्यमी एकत्र होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications