बाघ की खाल के साथ 3 गिरफ्तार
जिले के प्रभागीय वन अधिकारी वी. पी. सिंह ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर तुलसीपुर इलाके से रईस अहमद, मोहम्मद नसीम और बनारसी (सभी की उम्र करीब 40 साल) को एक बाघ की खाल के साथ धर दबोचा।
सिंह ने कहा कि यद्यपि इन तीनों को सोमवार शाम गिरफ्तार किया गया था लेकिन इनके ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई जारी थी इसलिए इनकी गिरफ्तारी की औपचारिक जानकारी मंगलवार रात दी गई।
उन्होंने बताया कि तीनों अभियुक्त बलरामपुर के आस-पास के जिलों के रहने वाले हैं। इन्होंने कबूल किया कि वे वन्य जीवों की खालों की तस्करी करने वाले नेपाल के एक गिरोह के लिए पिछले सात साल से काम कर रहे हैं। इनका गिरोह भारत सहित दूसरे एशियाई देशों में वन्य जीवों की खालों की तस्करी करता है।
वन अधिकारियों के अनुसार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वह जिस बाघ की खाल के साथ पकड़े गए थे, उसे नेपाल के जंगलों में मारा गया था। इन्होंने खुलासा किया कि बरामद खाल को ये कानपुर के एक चमड़ा व्यापारी को बेचने जा रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications