मुंबई हमले के आरोपियों को दंडित किए जाने तक शांत नहीं बैठेंगे : मनमोहन (लीड-1)
मनीष चंद
वाशिंगटन, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में पिछले वर्ष हुए आतंकी हमले की पहली बरसी की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि उनकी सरकार तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक आरोपियों को दंडित नहीं कर दिया जाता। इसके साथ ही सिंह ने पाकिस्तान से एक बार फिर कहा कि वह अपनी भूमि पर स्थित आतंकी ढांचे को नष्ट कर दे।
सिंह ने यहां विलार्ड होटल में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "जब तक हम हमले के आरोपियों को दंडित नहीं कर देते, तब तक हमारी सरकार शांत नहीं बैठेगी।"
ज्ञात हो कि 26 से 29 नवंबर तक जारी रहे मुबई हमले के दौरान कुल 166 लोग मारे गए थे। पाकिस्तान के 10 आतंकी समुद्री रास्ते से मुंबई में घुस आए थे। हमले के दौरान एक आतंकी को जिंदा पकड़ लिया गया था।
मनमोहन सिंह ने कहा, "हमने इस मामले को पाकिस्तान सरकार के साथ पूरी क्षमता से उठाया हुआ है। हमें उम्मीद है कि हमले के सूत्रधारों और उनके मददगारों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा और उन्हें दंडित किया जाएगा। आतंकवाद के ढांचे को और आतंकियों के सभी सुरक्षित ठिकानों को नष्ट किया जाना है।"
मनमोहन सिंह ने हमले के दौरान मारे गए सभी बेगुनाहों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।
मंगलवार को जारी हुए संयुक्त घोषणा पत्र में राष्ट्रपति बराक ओबामा और मनमोहन सिंह ने मुंबई हमले के आरोपियों को दंडित किए जाने की आवश्यकता को रेखांकित किया था।
मनमोहन सिंह ओबामा प्रशासन के पहले सरकारी अतिथि के रूप में अमेरिकी के दौरे पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications