मुंबई हमले के आरोपियों को सजा दिए जाने तक शांत नहीं बैठेंगे : मनमोहन सिंह
मनीष चंद
वाशिंगटन, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में पिछले वर्ष हुए आतंकी हमले की पहली बरसी की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि उनकी सरकार तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक आरोपियों को दंडित नहीं कर दिया जाता। इसके साथ ही सिंह ने पाकिस्तान से एक बार फिर कहा कि वह अपनी भूमि पर स्थित आतंकी ढांचे को नष्ट कर दे।
सिंह ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "जब तक हम हमले के आरोपियों को दंडित नहीं कर देते, तब तक हमारी सरकार शांत नहीं बैठेगी।"
मनमोहन सिंह ने कहा, "हमने इस मामले को पाकिस्तान सरकार के साथ पूरी क्षमता से उठाया हुआ है। हमें उम्मीद है कि हमले के सूत्रधारों और उनके मददगारों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा और उन्हें दंडित किया जाएगा। आतंकवाद के ढांचे को और आतंकियों के सभी सुरक्षित ठिकानों को नष्ट किया जाना है।"
मनमोहन सिंह ओबामा प्रशासन के पहले सरकारी अतिथि के रूप में अमेरिकी के दौरे पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications