सितारों से सजे भोज में ओबामा ने कहा 'आपका स्वागत है' (राउंडअप)

वाशिंगटन, 25 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस के साउथ लान में सितारे जड़े सफेद तंबू के नीचे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्वागत में शानदार रात्रि भोज दिया। इस अवसर पर ओबामा ने हिंदी में कहा, "आपका स्वागत है।" यह रात्रि भोज भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती घनिष्ठता का एक तरह से जश्न मनाने के लिए भी आयोजित किया गया था।

व्यंजनों के मामले में दाल के बेहद शौकीन ओबामा ने हिंदी में प्रधानमंत्री का स्वागत कर लंबे अर्से से प्रतीक्षित उस रात्रिभोज का समां बांध दिया जिसे विश्व के दो महान लोकतंत्रों के बीच मैत्री के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा था।

करीब 300 मेहमानों के समक्ष ओबामा ने कहा, "तारों की छांव में आज हम भारत और अमेरिका की दोस्ती का जश्न मना रहे हैं। हम भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती सहभागिता का उत्सव मना रहे हैं।"

ओबामा के प्रथम राजकीय भोज में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जोए बिडेन, विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, रक्षा मंत्री राबर्ट गेट्स और ओबामा के विश्वसनीय सहायक रैम इमैनुएल तथा वालेरी जैरेट सहित सभी शीर्ष नेता उपस्थित थे।

भारतीय उद्योगपति रतन टाटा और मुकेश अंबानी, पेप्सीको कंपनी की भारतीय मूल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूयी, आध्यात्मिक गुरु दीपक चोपड़ा, अनीश गोयल, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के दक्षिण एशिया विशेषज्ञ रजत गुप्ता भी रात्रिभोज में उपस्थित थे।

महात्मा गांधी के प्रशंसक ओबामा ने इस अवसर पर भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु को याद करते हुए कहा, "उनके शब्द आज की रात हमसे कुछ कहते हैं।"

मनमोहन सिंह ने तालियों के बीच ओबामा के व्हाइट हाउस तक के सफर की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपके सफर ने लाखों भारतीयों की कल्पनाओं को प्रभावित किया है।

जहां ओबामा ने गांधी और नेहरु को याद किया वहीं सिंह ने उम्र में अपने से 30 वर्ष छोटे व्यक्ति के अमेरिका के पहले अफ्रीकी-अमेरिकी राष्ट्रपति बनने की प्रशंसा में अब्राहम लिंकन के शब्दों का उल्लेख करते हुए कहा, "अंत में यह मायने नहीं रखेगा कि आप कितने वर्ष जिए, बल्कि अहम यह होगा कि इन वर्षो में जीवन कितना था।"

सिंह ने नोबेल पुरस्कार हासिल करने के लिए भी ओबामा की प्रशंसा की।

रात्रिभोज में शिरकत करने वाले मेहमानों की तादाद सैकड़ों में थी लेकिन इनमें से कुछ ही थे जिन्हें ओबामा और प्रथम महिला मिशेल ओबामा के साथ बैठने का मौका मिला।

प्रधानमंत्री, उनकी पुत्रियां और नोबल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन मिशेल के साथ बैठे। वहीं प्रधानमंत्री की पत्नी गुरशरण कौर पेप्सीको की मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूयी और स्पीकर नैंसी पेलोसी को भी ओबामा के साथ बैठकर लजीज पकवानों का लुत्फ उठाने का मौका मिला।

राष्ट्रपति ओबामा की टेबल पर गुरशरण कौर, सीनेटर जॉन कैरी, भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी रोमर, इंद्रा नूयी, नैंसी पेलोसी और हॉलीवुड की हस्तियां डेविड गेफेन एवं जेरेमी लिंगवाल मौजूद थे।

उधर, मिशेल की टेबल पर मनमोहन सिंह, उनकी पुत्रियों अमृत सिंह व उपिंदर सिंह, अमर्त्य सेन और उनकी पत्नी एमा रॉथ्सचाइल्ड, पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री कोलिन पावेल एवं उनकी पत्नी अल्मा पावेल और रिपब्लिकन हॉवर्ड बर्मन व उनकी पत्नी जेनिस बर्मन थीं।

इस अवसर पर मिशेल ओबामा ने आकर्षक सुनहरे और क्रीम रंग का सितारे जड़ा स्ट्रैपलैस गाउन पहन रखा था। इस गाउन को भारतीय मूल के अमेरिकी डिजाइनर नईम खान ने तैयार किया था।

मिशेल के इस खूबसूरत गाउन को नईम के भारतीय वर्कशाप में तैयार किया गया था। स्टाइल और परंपरागत साड़ी के मिले-जुले रूप से आकर्षक गाउन को 40 लोगों ने मिल कर बनाया था।

हॉलीवुड की बेयोन्स, कैरी अंडरवुड, कैथरीन हैगल, इवा लोंगोरिया और जार्डन की महारानी नूर के परिधान डिजाइन करने वाले नईम अमेरिका में फैशन जगत की एक जानी-मानी हस्ती हैं।

सीएनएन के लैरी किंग को दिए साक्षात्कार में नईम ने कहा, "भारतीय होने के नाते, मेरे लिए ऐसे ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनना कल्पना से परे है। यह मेरे लिए अविश्वसनीय लम्हा है।"

मंगलवार सुबह, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर की व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में अगवानी के समय मिशेल ने नारंगी और लालिमायुक्त रंग का परिधान पहना था। दोपहर में मिशेल ने भारतीय मूल की अमेरिकी डिजाइनर राशेल रॉय की डिजाइन की गई स्कर्ट पहन रखी थी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+