मनचलों के खिलाफ मुरादाबाद पुलिस की नई पहल
शिकायत करने वाली लड़कियों के नाम पूरी तरह से गोपनीय रखे जाएंगे। आमतौर पर लड़कियां मनचलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संकोचवश पुलिस से संपर्क नहीं करती है, लेकिन पुलिस को भरोसा है कि उसकी यह नई पहल मनचलों पर लगाम लगाने में मददगार साबित होगी।
मुरादाबाद की महिला थाना प्रभारी जानकी देवी ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि आज भी छेड़खानी की शिकार होने वाली बहुत सी ऐसी लड़कियां हैं जो यह सोचकर पुलिस से शिकायत नहीं करतीं कि मामला प्रकाश में आने के बाद लोग उनके बारे में क्या सोचेंगे।
जानकी देवी ने कहा कि अब शहर के स्कूलों व कालेजों में शिकायत पेटियां स्थापित होने के बाद ज्यादा से लड़कियां उन मनचलों के खिलाफ शिकायत कर सकेंगी, जो आते-जाते उन्हें रास्ते में छेड़ते और फब्तियां कसते हैं, क्योंकि इस प्रक्रिया में उन्हें अपना नाम सामने आने का भय नहीं रहेगा।
पुलिस के मुताबिक लड़कियों को केवल एक सादे कागज पर अपने फोन नंबर के साथ शिकायत लिखकर देनी होगी।
जानकी देवी ने कहा कि शिकायत में दिए गए फोन नंबर के जरिए पुलिस उस लड़की से सम्पर्क करेगी। अगर संबंधित लड़की मनचलों का पता ठिकाना दे देगी तो बहुत ही अच्छा नहीं, तो पुलिस अपने स्तर पर मनचलों का पता लगाकर उनकी धरपकड़ करेगी।
छात्राओं ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है। महिला महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रही अंकिता गुप्ता ने कहा कि अब लड़कियां छेड़खानी की घटनाओं को नजरअंदाज न करके मनचलों के खिलाफ साहस के साथ आगे आकर और शिकायत पेटियों का उपयोग कर सकेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications