झारखण्ड में मतदान ने पकड़ी रफ्तार (लीड-1)
रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। धीमी शुरुआत के बाद झारखण्ड में मतदान की गति ने अब रफ्तार पकड़ ली है। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत बुधवार को प्रदेश की 26 सीटों के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक दोपहर एक बजे तक 36 फीसदी मतदान लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर चुके थे। सरथ विधानसभा सीट पर अब तक सर्वाधिक 43 फीसदी मतदान हुआ है।
बुधवार सुबह मतदान पर ठंड का असर पड़ता दिखाई दिया और इसकी रफ्तार बहुत धीमी रही लेकिन दिन ढलने के साथ-साथ लोगों ने घरों से बाहर निकलना आरंभ किया।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान निर्धारित समय सबुह सात बजे आरंभ हुआ। कुछ इलाकों में पारा छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिसकी वजह से शुरुआती तीन घंटे में 13 से 14 फीसदी मतदान ही दर्ज किया गया।
इस बीच धनबाद जिले में एक स्थान पर विस्फोट हुआ। बताया जाता है कि संदिग्ध नक्सलियों ने इस विस्फोट को अंजाम दिया है।
झारखण्ड पुलिस के प्रवक्ता वी. एच. देशमुख ने आईएएनएस को बताया, "धनबाद जिले के नानो गांव में विस्फोट की आवाज सुनी गई। अभी यह नहीं बताया जा सकता है कि विस्फोट कैसा था। यह विस्फोट मतदान केंद्रों से कुछ दूरी पर हुआ।"
34,76,414 महिलाओं सहित प्रदेश के कुल 65, 32,234 मतदाता 470 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य आज इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर देंगे। इस चरण में चार पूर्व मुख्यमंत्रियों, छह पूर्व सांसदों और भंग विधानसभा के अध्यक्ष आलमगीर आलम का राजनीतिक भविष्य दांव पर है।
पहले चरण में 34 महिलाओं की भी चुनावी किस्मत दांव पर है। गोड्डा और टुंडी विधानसभा सीटों पर सर्वाधिक 25 महिलाएं चुनाव मैदान में हैं जबकि जुगसलाई विधानसभा सीट पर सबसे कम 11 महिला उम्मीदवार हैं।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को मतदान के दौरान करीब 40,000 सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है जबकि चार हेलीकॉप्टर भी इस काम में लगाए गए हैं। वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर जमशेदपुर, एक दुमका तथा दो हेलीकॉप्टर रांची में रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि मतदान के मद्देनजर सरकारी चिकित्सकों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सरकारी और निजी अस्पतालों से आपात स्थिति के लिए बिस्तर तैयार रखने को कहा गया है। मतदान वाले क्षेत्रों में करीब 60 एंबुलेंस भिजवाई गई हैं। ब्लड बैंकों को सतर्क कर दिया गया है।
झारखण्ड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (युनाइटेड) का गठबंधन, कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेृतत्व वाली झारखण्ड विकास पार्टी (झाविपा) का गठबंधन, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का गठबंधन चुनाव लड़ रहा है जबकि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अकेले दम पर चुनाव मैदान में है।
झारखण्ड में पांच चरणों में विधानसभा चुनाव होने है। 25 नवंबर को पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद दो दिसम्बर को दूसरे, आठ दिसम्बर को तीसरे, 12 दिसम्बर को चौथे तथा 18 दिसम्बर को पांचवें चरण का मतदान होना है। वोटों की गिनती 23 दिसम्बर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications