वाईएसआर की विधवा को उपचुनाव में उतरेगी कांग्रेस!
हैदराबाद, 25 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी (वाईएसआर) की मौत से खाली हुई पुलिवेंदुला विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस ने उनकी विधवा विजयलक्ष्मी को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।
वाईएसआर की दो सितम्बर को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनके निधन से खाली हुई पुलिवेंदुला सीट पर आगामी 19 दिसम्बर को उपचुनाव होगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व ने भी विजयलक्ष्मी को टिकट देने का फैसला किया है। वाईएसआर के पारिवारिक सूत्रों का हालांकि कहना है कि इस सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उनके बेटे वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी पहली पसंद है और खुद विजयलक्ष्मी चुनाव लड़ने को इच्छुक नहीं है।
विजयलक्ष्मी के भाई और कडप्पा के मेयर रवींद्रनाथ रेड्डी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "विजयलक्ष्मी चुनाव लड़ने को इच्छुक नहीं है। बेहतर होता कि पार्टी आलाकमान जगन को वहां से उम्मीदवार बनाता लेकिन पार्टी के अनुशासित सिपाही के तौर पर हम आलाकमान के आदेश का पालन करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications