एक लाख रुपये में बिकने को तैयार हैं 'ओबामा' व 'ओसामा'
पटना, 25 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी पटना के जगदेव पथ में इन दिनों 'ओबामा' और 'ओसामा' एक लाख रुपये में बिकने को तैयार हैं। चौंकिए नहीं यह जोड़ी व्यक्तियों की नहीं बल्कि बकरों की है, जो बकरीद से पहले बिकने के लिए यहां पहुंचे हैं।
जगदेव पथ स्थित मुख्य बकरी बाजार में बकरीद के मौके पर राज्य एवं पड़ोसी राज्यों के खरीददार और विक्रेता पहुंचे हैं। इस बकरी बाजार में एक हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये जोड़े की कीमत के बकरे मौजूद हैं। परंतु 'ओबामा' और 'ओसामा' नामक बकरों ने बाजार की रौनक बढ़ा दी है। इन्हें देखने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो रही है।
इसके अलावा सोनू और मोनू नामक बकरों की जोड़ी की कीमत 79,000 हजार रुपये रखी गई है। उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी इकबाल अहमद फरीदी 52 बकरों के साथ आए हैं। इन्हीं बकरों में सोनू और मोनू भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास 15,000 रुपये से 50,000 हजार रुपये तक के बकरे हैं।
सोनू और मोनू को राशन के अलावा महीने में एक दिन घी भी दिया जाता है। इतनी खुराक के बाद ये बकरे इतने सुंदर और पुष्ट हुए हैं।
ओबामा और ओसामा की कीमत एक लाख रुपये रखी गई है। इसके मालिक उत्तर प्रदेश के राजू बताते हैं कि बिहार में बकरों की अच्छी कीमत मिलती है। उन्होंने बताया कि उनकी बकरियां सिर्फ गेहूं, बाजरा तथा चना खाती हैं। इसलिए महंगाई को देखते हुए कीमत तो बढ़ेगी ही।
बक्सर के मोहम्मद जहांगीर ने बताया कि बकरों की कीमत में इस वर्ष काफी वृद्धि के बाद भी खरीददार आ रहे हैं। हाजी इलियास के अनुसार बकरीद के 10 दिन पूर्व से लगने वाले इस बाजार में अब तक पांच करोड़ रुपये से ज्यादा के बकरों के बिकने का अनुमान है। बकरीद 28 नवंबर को है और अभी बाजार शुक्रवार तक लगा रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications