ओबामा रात्रिभोज : मिशेल ने पहना भारत में तैयार खूबसूरत गाउन
वाशिंगटन, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में ओबामा प्रशासन की ओर से आयोजित प्रथम राजकीय रात्रिभोज के अवसर पर अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने आकर्षक सुनहरे और क्रीम रंग का सिल्वर सितारों जड़ा स्ट्रैपलैस गाउन पहन रखा था। इस गाउन को भारतीय मूल के अमेरिकी डिजाइनर नईम खान ने तैयार किया था।
मिशेल के इस खूबसूरत गाउन को नईम की भारत की वर्कशॉप में तैयार किया गया था। स्टाइल और परंपरागत साड़ी के मिले-जुले रूप से आकर्षक गाउन को 40 लोगों ने बनाया।
हॉलीवुड की बेयोन्स, कैरी अंडरवुड, कैथरीन हैगल, इवा लोंगोरिया और जार्डन की महारानी नूर के परिधान डिजाइन करने वाले नईम अमेरिका में फैशनजगत की एक जानी-मानी हस्ती हैं।
सीएनएन के लैरी किंग को दिए साक्षात्कार में नईम ने कहा कि वह प्रथम महिला के लिए भारतीय फैशन के अनुरूप सादा लेकिन आकर्षक परिधान डिजायन करना चाहते थे।
उन्होंने कहा, "एक भारतीय होने के नाते, मेरे लिए ऐसे ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनना कल्पना से परे है। यह मेरे लिए अविश्वसनीय लम्हा है।"
मंगलवार सुबह, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर की व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में अगवानी के समय मिशेल ने नारंगी और लालिमायुक्त रंग का परिधान पहना था। दोपहर में मिशेल ने भारतीय मूल की अमेरिकी डिजाइनर राशेल रॉय की डिजाइन की गई स्कर्ट पहनी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications