लिब्रहान रिपोर्ट आज पेश होगी

केंद्र सरकार ने कहा है कि वह बाबरी मस्जिद के विध्वंस पर लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट मंगलवार को प्रश्नकाल के बाद यानी 12 बजे संसद में पेश कर देगी.
संसदीय कार्यमंत्री पवन बंसल ने लोकसभा में यह सूचना दी है.
सोमवार को अंग्रेज़ी के एक अख़बार इंडियन एक्सप्रेस में आयोग की रिपोर्ट के कथित रुप से लीक हो जाने के बाद विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा किया था और रिपोर्ट को तत्काल संसद में पेश किए जाने की मांग की थी.
इसके बाद मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक बैठक बुलाई गई थी जिसमें रिपोर्ट को संसद में पेश करने का फ़ैसला किया गया.
लिब्रहान आयोग ने ये रिपोर्ट प्रधानमंत्री को इस साल जून में सौंपी थी.
वैसे सरकार ने पहले कहा था कि वह रिपोर्ट को संसद के इसी सत्र में प्रस्तुत करेगी लेकिन इसकी तारीख़ नहीं बताई गई थी.
नियमानुसार सरकार के लिए यह बाध्यकारी था कि वह रिपोर्ट सौंपे जाने के छह महीने के भीतर रिपोर्ट संसद में पेश करे. लेकिन सोमवार के घटनाक्रम ने सरकार को बाध्य कर दिया कि वह रिपोर्ट मंगलवार को ही पेश करे.
सवाल ये उठ रहा है कि रिपोर्ट किसने लीक की.
गृहमंत्री पी चिदंबरम ने संसद में ऐलान किया कि रिपोर्ट की एक ही प्रति है और वो उनके पास सुरक्षित है.
जब एम एस लिब्रहान से पत्रकारों ने पूछा कि कहीं उन्होंने तो इंडियन एक्सप्रेस को रिपोर्ट नहीं दी थी, तो वो भड़क उठे.
ये पूरा हंगामा तब शुरू हुआ जब दिल्ली के अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने दावा किया कि उनके पास रिपोर्ट के कुछ अंश हैं.
अख़बार के अनुसार इस रिपोर्ट में लिब्रहान आयोग ने बाबरी मस्जिद के विध्वंस के लिए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी सबको दोषी ठहराया है.
बीबीसी इन आरोपों की पुष्टि नहीं कर रही और ये ख़बर मीडिया रिपोर्टों पर आधारित है.
ग़ौरतलब है कि छह दिसंबर, 1992 को बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद जगह-जगह दंगे हुए थे और फिर इस मामले की जाँच के लिए न्यायमूर्ति लिब्रहान की अध्यक्षता में इस आयोग का गठन किया गया था.


Click it and Unblock the Notifications