भाकपा (माले) के राज्यव्यापी बंद का मिलाजुला असर
सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित बंद के मद्देनजर पटना में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। पटना में कुछ इलाकों में सुबह से ही दुकाने बंद थीं तो कई क्षेत्रों में आम दिनों की तरह चहल-पहल भी थी। भाकपा (माले) कार्यालय के सामने पुलिस और बंद समर्थकों के बीच झड़प होने की भी सूचना है। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक पटना में 20 से ज्यादा बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया।
ऑल इंडिया स्टूडेण्ट एसोसिएशन (आईसा) के कार्यकर्ताओं ने पटना विश्वविद्यालय परिसर में पहुंच कर शिक्षण कार्य बाधित किया।
जहानाबाद और समस्तीपुर जिलों में बंद का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। इन दोनों जिला मुख्यालयों में बंद समर्थकों ने रैली निकाली और सभी दुकानों को बंद करवा दिया। जहानाबाद और समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर बंद समर्थकों ने पटरी पर भी अवरोधक लगाया। इससे कुछ समय के लिए रेल यातायात भी प्रभावित हुआ।
मुजफ्फरपुर और भागलपुर में भी बंद समर्थकों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार बंद के दौरान कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हालांकि कई जगहों पर वाहनों और दुकानों में बंद समर्थकों ने तोड़फोड़ की।
भाकपा माले ने राज्य में भूमि सुधार आयोग और समान शिक्षा प्रणाली आयोग की सिफारिशों को लागू करने, महंगाई की मार झेल रहे गरीबों को राहत देने, बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग के समर्थन में तथा नीतीश सरकार की विफलता के विरोध में बंद का ऐलान किया है। इस बंद को कई अन्य राजनीतिक दलों का भी समर्थन प्राप्त है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications