भारत-अमेरिका के बीच रिश्तों में महान अवसर का क्षण : मनमोहन सिंह
व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के बगल में खड़े मनमोहन सिंह ने कहा, "हमारे रिश्ते के बीच यह महान अवसर का एक क्षण है।" स्वागत समारोह व्हाइट हाउस में अंदर रखा गया था, क्योंकि साउथ लान में स्वागत की सारी तैयारी बारिश में धुल गई थी।
मनमोहन सिंह ने कहा, "हमें आतंकवाद से मुकाबला करने, पर्यावरण को स्वच्छ बनाने और दुनिया को परमाणु हथियार मुक्त बनाने की वैश्विक चुनौतियों से निपटने में सहयोग करना चाहिए।"
सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति ओबामा का पहला सरकारी अतिथि बन कर वह खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "दोनों देश भौगोलिक दूरियों की वजह से भले ही अलग हैं, लेकिन लोकतंत्र के मूल्यों, बहुलतावाद, कानून के शासन और मूलभूत मानवीय भावनाओं का सम्मान करने के लिए हम सामूहिक रूप से बाध्य हैं।"
सिंह ने कहा कि दोनों देशों ने वर्षो से सिद्धांत और व्यावहारिकता पर आधारित साझेदारी की है। उन्होंने कहा, "हमारे रिश्ते बदल चुके हैं और वे अब मानव गतिविधि के हर क्षेत्रों में सहयोग की मांग करते हैं।"
बयान समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति ओबामा मनमोहन सिंह को द्विपक्षीय बातचीत के लिए ईस्ट रूम से बाहर लेकर गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications