झारखण्ड : कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को होगा पहले चरण का मतदान (लीड-1)
निर्वायन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक पहले चरण के तहत बुधवार को 26 सीटों पर होने वाले मतदान में 34,76,414 महिलाओं सहित प्रदेश के कुल 65, 32,234 मतदाता 470 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर देंगे। इस चरण में चार पूर्व मुख्यमंत्रियों, छह पूर्व सांसदों और भंग विधानसभा के अध्यक्ष आलमगीर आलम का राजनीतिक भविष्य दांव पर है। आयोग के मुताबिक पहले चरण के लिए कुल 8176 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
पहले चरण में 34 महिलाएं की भी चुनावी किस्मत दांव पर रहेगी। गोड्डा और टुंडी विधानसभा सीटों पर सर्वाधिक 25 महिलाएं चुनाव मैदान में है जबकि जुगसलाई विधानसभा सीट पर सबसे कम 11 महिला उम्मीदवार हैं।
झारखण्ड पुलिस के प्रवक्ता वी. एच. देशमुख ने आईएएनएस को बताया,"बुधवार को शांतिपूर्ण मतदान के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हम निगरानी के लिए वायुसेना के चार हेलीकॉप्टरों की सेवाएं ले रहे हैं।" वायुसेना के अलावा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के भी दो हेलीकॉप्टर किराए पर लिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर जमशेदपुर, एक दुमका तथा दो हेलीकॉप्टर रांची में रहेंगे। इनका उपयोग चुनाव कर्मियों और सुरक्षाबलों को लाने-ले जाने तथा आपात स्थिति में किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक बुधवार को मतदान दौरान करीब 40,000 सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि राज्य भर में सरकारी चिकित्सकों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सरकारी और निजी अस्पतालों से आपात स्थिति के लिए बिस्तर तैयार रखने को कहा गया है। मतदान वाले क्षेत्रों में करीब 60 एंबुलेंस भिजवाई गई हैं। ब्लड बैंकों को सतर्क कर दिया गया है।
झारखण्ड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (युनाइटेड) का गठबंधन, कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेृतत्व वाली झारखण्ड विकास पार्टी (झाविपा) का गठबंधन, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का गठबंधन चुनाव लड़ रहा है जबकि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अकेले दम पर चुनाव मैदान में है।
उल्लेखनीय है कि झारखण्ड में पांच चरणों में विधानसभा चुनाव होने है। 25 नवंबर को पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद दो दिसम्बर को दूसरे, आठ दिसम्बर को तीसरे, 12 दिसम्बर को चौथे तथा 18 दिसम्बर को पांचवें चरण का मतदान होना है। वोटों की गिनती 23 दिसम्बर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications