उर्वरकों की किल्लत, कोड़ा मामले पर 2 बार स्थगित हुई लोकसभा
नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार को पहले, उर्वरकों की किल्लत और बाद में भ्रष्टाचार के आरोपी झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा से संबद्ध मामले पर हुए हंगामे के कारण स्थगित हुई।
प्रश्नकाल में समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सहित समूचे विपक्ष ने किसानों विशेषकर बिहार और उत्तर प्रदेश के किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की सप्लाई न होने की वजह से सरकार को आड़े हाथों लिया।
सपा के रामकिशुन ने यह मसला उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में उर्वरकों के दाम बढ़ रहे हैं क्योंकि भंडार ब्लैक मार्केट में बेच दिया गया है या फिर तस्करी के जरिए नेपाल भिजवा दिया गया है। राजद के रघुवंश प्रसाद सिंह ने भी उनका समर्थन किया।
हंगामा जारी रहने पर लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही 12.30 बजे से दो बजे तक स्थगित कर दी।
दो बजे सदन की बैठक दोबारा शुरू होते ही भारतीय जनता पार्टी के शाहनवाज हुसैन ने मधु कोड़ा का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता घोटाले में शामिल थे, कोड़ा को बहुत छोटा हिस्सा मिला।
हुसैन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कोड़ा को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इस मसले पर संसद में चर्चा कराने की मांग की। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर बाद तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications