कल्याण ने लिब्रहान की रिपोर्ट को राजनीतिक षडयंत्र बताया (लीड-1)
नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट में राजनीतिक षडयंत्र की बू आती है। उन्होंने कहा कि छह दिसम्बर, 1992 को जहां अयोध्या में बाबरी मस्जिद का विध्वंस हुआ था उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।
कल्याण ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट में राजनीतिक षडयंत्र की बू आती है। यह रिपोर्ट राजनीति से प्रेरित है।"
आयोग के उस दावे को कल्याण ने खारिज कर दिया जिसमें कहा गया है कि बाबरी मस्जिद विध्वंस सुनियोजित साजिश थी।
कल्याण ने कहा, "मैं बताना चाहता हूं कि बाबरी विध्वंस के लिए कोई सुनियोजित योजना नहीं रची गई थी। इसमें कोई षडयंत्र नहीं था। छह दिसम्बर को जो कुछ हुआ वह विस्फोट था।"
उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में मुस्लिम समुदाय से सहयोग की मांग की। उन्होंने कहा कि अनिश्चितकाल के लिए मंदिर निर्माण का कार्य स्थगित किया जाना न हिन्दुओं के हित में है और न ही मुसलमानों के।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कारसेवकों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को बेंत और आंसू गैस के इस्तेमाल की इजाजत दी थी लेकिन, "मैंने साफ कर दिया था कि कार सेवकों पर गोली नहीं चलनी चाहिए। यदि मैंने ऐसा कर दिया होता तो लाखों कार सेवकों की जान चली जाती।"
उन्होंने कहा, "मेरे पास सवाल यह था कि बचाऊं तो किसे बचाऊं। मैंने जनसंहार होने से रोका। इसी प्रकिया में ढांचा टूट गया।"
कल्याण ने कहा, "इस घटना पर मुझे कोई खेद नहीं है। छह दिसम्बर मेरे लिए गर्व का दिन है। मस्जिद वहां से हटनी चाहिए और भव्य राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications