26/11 के दोषियों पर कार्रवाई के लिए पाक पर दबाव बने : प्रधानमंत्री
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 24 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में आतंकवादियों पर काबू नहीं पाए जाने के असाधारण नतीजे होने की चेतावनी देते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से कहा है कि वह पाकिस्तान पर 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए और दबाव बनाए।
अमेरिका में विदेशी संबंधों से संबद्ध परिषद में मनमोहन सिंह ने कहा, "हम पाकिस्तान को नाकाम होते नहीं देखना चाहते। पाकिस्तान में लोकतंत्र का उदय स्वागतयोग्य है लेकिन साथ ही हमें यह भी देखना होगा कि वहां कुछ ऐसी ताकते भी हैं जो आतंकवादियों के साथ हैं।"
उन्होंने कहा कि अभी हाल तक वे संघीय प्रशासित कबायली इलाकों (एफएटीए) में सक्रिय थे, लेकिन अब लगता है कि वे पाकिस्तान के कई मुख्य हिस्सों में पकड़ बना चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, "इसपर काबू न पाया गया, तो पाकिस्तान की सुरक्षा एवं स्थायित्व के साथ हमारी अपनी सुरक्षा के लिए भी बहुत असाधारण नतीजे सामने आएंगे।"
यह पूछने पर कि क्या उन्हें 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई न करने का मलाल है, प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय उन्हें काफी दबाव झेलना पड़ा। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उस समय मैंने जो फैसला किया वह संतुलित और सही था।"
भविष्य के बारे में उन्होंने कहा कि वह अटकले लगाना पसंद नहीं करते और उन्हें उम्मीद है कि ऐसी नौबत नहीं आएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसलिए उन्हें लगता है कि विश्व समुदाय का दायित्व बनता है कि वह पाकिस्तान पर दबाव बनाए कि वह आतंकवादी गुटों की ताकत कुचलने के लिए हरसंभव प्रयास करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications