पत्रकार भाई का कहना है निर्दोष है राणा
टोरंटो, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में पिछले महीने गिरफ्तार कथित आतंकवादी तहव्वुर राणा के पत्रकार भाई का कहना है कि उनका भाई निर्दोष है। राणा पर मुंबई हमलों में कथित रूप से शामिल होने का आरोप है।
तहव्वुर राणा के छोटे भाई अब्बास राणा समाचार पत्र 'द हिल टाइम्स वीकली' में रिपोर्टर हैं। यह समाचार पत्र विशेष रूप से कनाडाई संसद की खबरें प्रकाशित करता है। सोमवार को इस समाचार पत्र में अब्बास राणा के हवाले से लिखा गया कि उनका भाई निर्दोष है और उस पर लगाए गए आरोप झूठे हैं।
समाचार पत्र में 'व्हाइ द हिल टाइम्स सपोर्ट्स इट्स रिपोर्टर, अब्बास राणा' शीर्षक के तहत लिखे गए लेख में प्रकाशक जिम क्रिस्की ने अब्बास राणा का कथन लिखा है, "मेरी जानकारी में उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं।"
"मैं अपने भाई को जानता हूं। मैं अपने भाई से प्यार करता हूं। वह एकता और ईमानदारी को पसंद करता है और वह परिश्रमी व्यक्ति है।"
कनाडाई प्रकाशक का कहना है, "अब्बास 'पार्लियामेंट हिल' के सम्मानित पत्रकार हैं और पिछले सात सालों से 'द हिल टाइम्स' में काम कर रहे हैं। उनके राजनीतिक और नीतिगत ज्ञान को उनके काम के सुविचारित दृष्टिकोण में देखा जा सकता है और वह लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हैं।"
अब्बास के मुताबिक राणा की गिरफ्तारी का परिवार पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ा है। उनके 75 वर्षीय पिता वली राणा को अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा।
प्रकाशक का कहना है कि इस सब के बाद भी वह अपने रिपोर्टर अब्बास का समर्थन करते हैं और उनके काम पर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
समाचार पत्रों में तहव्वुर राणा की गिरफ्तारी की खबर आने के बाद से अब्बास राणा अवकाश पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications