मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मतदान किया
मुख्यमंत्री मतदान करने के लिए प्रात: करीब पौने नौ बजे परिवार सहित पोलिंग बूथ पर पहुंचे। उन्होंने महापौर एवं वार्ड पार्षद के लिए मतदान किया। इसी पोलिंग बूथ पर उनकी पत्नी सुनीता गहलोत, पुत्र वैभव गहलोत तथा पुत्रवधू हिमांशी गहलोत ने मतदान किया।
मतदान के लिए लगीं कतारें : नगर निगम चुनाव के लिए जोधपुर में सोमवार को हुए मतदान में सवेरे से ही मतदाताओं में उत्साह देखा गया। रंग बिरंगे परिधानों में सजे धजे मतदाता अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचे। महामंदिर स्थित वर्धमान जैन उच्च प्राथमिक विद्यालय में मतदाताओं की प्रात: आठ बजे से ही कतारें लगना शुरू हो गईं। महिला मतदाताओं ने भी पूरे जोश के साथ मतदान किया।
बैसाखियों के सहारे आई मतदान करने : वद्र्घमान जैन उच्च प्राथमिक विद्यालय, महामंदिर, मतदान केन्द्र संख्या 476 के भाग संख्या सात में विकलांग दरिया कंवर ने मतदान किया। अपनी दो बहुओं के साथ बैसाखियों के सहारे आई 72 वर्षीय दरिया कंवर ने कहा, "आवण व चालण में तकलीफ तो हुवै पण वोट देवण तो आवो हीज।"
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने भी किया मतदान : राज्य निर्वाचन आयुक्त ए.के. पाण्डे ने जयपुर के राजकीय बालिका सीनियर हायर सैकण्डरी स्कूल में अपने मताधिकार का उपयोग किया। पाण्डे ने पोलिंग बूथ पर प्रथम मतदान अधिकारी के पास पहचान प्रमाण प्रस्तुत कर मतदाता सूची में नाम की पुष्टि कराते हुए द्वितीय मतदान अधिकारी से अंगुली पर अमिट स्याही लगवाई और दो पर्चियां लेकर राज्य में पहली बार महापौर के लिए प्रत्यक्ष निर्वाचन में महापौर एवं पार्षद के लिए प्रयुक्त दो अलग-अलग इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन पर अपने मताधिकार का उपयोग किया।
मतदान केन्द्रों पर महापौर एवं वार्ड पार्षद के एक साथ दो चुनाव होने से अलग-अलग इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनें व दो वोटिंग कम्पार्टमेंट बनाए गए थे। पहली ईवीएम पर मतदाताओं ने महापौर व दूसरी पर वार्ड पार्षद के लिए मतदान किया। गुलाबी रंग की महापौर व सफेद रंग की वार्ड पार्षद की पर्ची होने से मतदाताओं ने सुविधापूर्वक मतदान किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications