राजद ने नीतीश सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया
आरोप पत्र में पिछले दिनों हुई मुख्यमंत्री की विकास यात्रा को 'विनाश यात्रा' कहा गया है तथा इस यात्रा के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। आरोप पत्र में मुख्यमंत्री आवास में प्रति सप्ताह लगने वाले जनता दरबार की भी आलोचना करते हुए कहा गया है कि इसमें आने वाले लोग अपनी शिकायत तो अवश्य करते हैं परंतु उनकी शिकायतों को दूर नहीं किया जाता है।
राजद ने अपने आरोप पत्र में वर्तमान सरकार पर घूसखोरी को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में सभी तरफ घूसखोरी का बोलबाला है। आरोप पत्र में नीतीश सरकार को जनता की अदालत में असफल बताते हुए उससे नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र देने की मांग भी की गई है।
आरोप पत्र जारी करने के मौके पर राजद कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी, पार्टी के महासचिव एवं पूर्व सांसद रामकृपाल यादव समेत कई नेता उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर को बिहार में राजग सरकार के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं तथा इस मौके पर मंगलवार को सरकार अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications