पाकिस्तान ने चीन के सहयोग से तैयार किया लड़ाकू विमान
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार स्थानीय स्तर पर निर्मित पहले जेएफ-17 थंडर विमान ने कामरा शहर में स्थित पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स में अपना पहला प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस विमान की लांचिग को मील का पत्थर करार दिया है। इस विमान ने पाकिस्तान को लड़ाकू विमानों का उत्पादन करने वाले देशों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
पाकिस्तान ने चीन के चेंगदू एयरक्राफ्ट इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन के साथ जून 1999 में एक करार पर हस्ताक्षर किए थे और सामूहिक रूप से निर्मित विमान ने सितंबर 2003 में अपनी पहली उड़ान भरी थी।
पाकिस्तानी वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल राव कमर सुलेमान ने एक बयान में कहा है, "वाकई में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसने हमारे देश की इच्छा शक्ति की जीत को प्रदर्शित किया है।"
सुलेमान ने कहा है कि जेएफ-17 थंडर परियोजना सिर्फ दोनों देशों के लिए ही विमान निर्मित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि निकट भविष्य में दूसरे देशों को इन विमानों की बिक्री से ठोस वित्तीय लाभ भी होगा।
हर मौसम में उड़ान भरने की क्षमता रखने वाला यह विमान आधुनिक उड्डयन और हथियार प्रणाली से लैस है और 1.6 मैच की अधिकतम गति से उड़ान भर सकता है। इसका सामरिक दायरा 1,350 किलोमीटर है। यही नहीं यह उड़ान के दौरान भी ईंधन भरने में सक्षम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications