जयपुर को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए बनेगा 'विजन डाक्यूमेंट'
बैठक में सेवानिवृत सचिव (सार्वजनिक निर्माण विभाग)बी.जी.शर्मा ने जयपुर को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए अपने दीर्घ सेवा अनुभवों के आधार पर तैयार किये गये प्रस्तुतीकरण में आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, विरासत संरक्षण, नियोजित विकास जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में शासन सचिव नगरीय विकास जी.एस.संधु ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने बजट भाषण में जयपुर को विश्वस्तरीय शहर बनाने की घोषणा की थी। उसी के अनुरूप नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल के निर्देशानुसार जयपुर विकास प्राधिकरण एवं आवास विकास संस्थान नगरीय विकास एवं आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभागों के साथ समन्वय कर विजन डाक्यूमेंट एवं कार्य योजना के आधार पर योजना को क्रियान्वित करेंगे। इसके लिए समाज के विभिन्न तबकों से जुड़े व्यक्तियों, विशेषज्ञों, आम जनता के सुझाव भी लिये जायेंगे ताकि जयपुर को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विश्वस्तरीय शहर बनाया जा सके।
बैठक में जेडीए आयुक्त सुधांश पंत ने सुझाव दिये कि विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए बिजली, पानी, सार्वजनिक निर्माण, परिवहन, पुरातत्व, वन, नगर निगम सहित उन संबंधित विभागों को जोड़ने की आवश्यकता है जो सीधे तौर पर शहर के विकास से जुड़े हों। उन्होंने कहा कि इस दिशा में शहर में आर्थिक गतिविधियों का विकास भी जरूरी है साथ ही पर्यटन क्षेत्र के अलावा नॉलेज सेक्टर में भी शहर की पहचान बनानी भी जरूरी है। जेडीए में नॉलेज सिटी एवं साइंसटेक सिटी बनाने की दिशा में प्रयास भी शुरू कर दिये है।
बैठक में बताया गया कि टास्क फोर्स 5 दिसम्बर को अपनी अगली बैठक में मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर उनके सुझाव लेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications